August 16, 2026

करमवीर भारत

ताज़ा हिंदी ख़बरें

प्रतिभा सम्मान से नई लेदरी में खिला शिक्षा का गौरव, मेधावी छात्राओं को मिला पुरस्कार

 

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर पंचायत नई लेदरी में शिक्षा और प्रतिभा के सम्मान का प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। नगर पंचायत नई लेदरी के अध्यक्ष विरेन्द्र सिंह राणा ने सेंट जोसेफ कान्वेंट स्कूल, नई लेदरी (साउथ जेकेडी) की मेधावी छात्राओं को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

वर्ष 2025-26 में कक्षा 8वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली आनिया चक्रधारी तथा कक्षा 5वीं में प्रथम स्थान हासिल करने वाली नाज़नीन फातिमा को अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया गया। छात्राओं की इस उपलब्धि ने विद्यालय ही नहीं, बल्कि उनके अभिभावकों और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए अध्यक्ष विरेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और लगन ही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।

छात्राओं की इस शानदार सफलता के पीछे विद्यालय के प्रबंधक जोसेफ सर, प्रधानपाठिका श्रीमती अनामिका पंत सहित समस्त शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस पर मेधावी छात्राओं का सम्मान न केवल उनकी उपलब्धि का अभिनंदन है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण से सफलता का कोई लक्ष्य असंभव नहीं है। नई लेदरी की इन होनहार छात्राओं ने अपनी उपलब्धि से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण को और मजबूत किया है।