लखनऊ
दवाओं की खरीद दरों में दो से छह गुना तक अंतर मिलने पर राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कालेजों के प्राचार्यों और जिला होम्योपैथी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। टेंडर की शर्तों में फेरबदल कर खास फर्मों को फायदा पहुंचाने के मामलों की जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
निदेशालय ने सभी जिलों और मेडिकल कालेजों में जेम पोर्टल के माध्यम से ही दवाओं की खरीद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, बजट उपलब्ध होने के बावजूद समय से खरीद नहीं करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा है।
जेम पोर्टल से ही होगी खरीद, टेंडर की शर्तों में फेरबदल की जांच
दवाओं की खरीद दरों में अंतर की शिकायतें निदेशालय को पिछले कई वर्षों से मिल रही थी, जिसकी जांच में '1 एम डाइल्यूशन' समेत कई अन्य दव की खरीद दर में छह गुना तक का अंतर पाया गया है। होम्योपैथी निदेशक डा. प्रमोद कुमार सिंह ने सभी जिला होम्योपैथी अधिकारियों और मेडिकल कालेजों के प्राचार्यों को पत्र भेजकर दवाओं की खरीद में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खरीद में किसी तरह की दिक्कत होने पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग के जिला स्तरीय महाप्रबंधक से सुझाव लेने को कहा गया है।
दवा खरीद में देरी करने वाले अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी
जेम पोर्टल के माध्यम से होने वाली खरीद के लिए एमएसएमई विभाग का जिला स्तरीय अधिकारी नोडल अधिकारी होता है। निदेशक ने बजट उपलब्ध होने के बावजूद समय से दवाओं की खरीद नहीं करने वाले जिलों के अधिकारियों को भी नोटिस जारी किए हैं। खरीद में देरी के लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। नियमों की अनदेखी या लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

More Stories
महानवमी पर राज्यपाल पटेल ने किया कन्या पूजन, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
छत्तीसगढ़ में महाअष्टमी पर स्थानीय अवकाश घोषित
एमपी में फर्जी पासपोर्ट का बड़ा मामला, 70 पासपोर्ट से 120 विदेश यात्राएं; 100 से ज्यादा संदिग्ध