गोदाम से करीब 32 टन उर्वरक और नामी कंपनियों के 358 खाली बैग मिले, जांच के लिए नमूने भेजे
ग्वालियर
डबरा के शुगर मिल क्षेत्र स्थित एक गोदाम में संदिग्ध खाद मिलने पर जिला प्रशासन के निर्देश पर किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा कानूनी कार्रवाई की गई है। गोदाम से करीब 32 टन विभिन्न प्रकार के उर्वरक और एक नामी कंपनी के छपे हुए 358 खाली बैग मिले हैं। उर्वरकों के वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। कृषि विभाग की शिकायत पर पुलिस ने गोदाम संचालक निशांत अग्रवाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, डबरा की लिखित शिकायत पर पुलिस थाना डबरा सिटी में मेसर्स जय कामतानाथ किसान सेवा केंद्र के प्रोपराइटर निशांत अग्रवाल के खिलाफ उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 की धाराओं 4, 5, 7 एवं 8 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धाराओं 5 एवं 7 के तहत अपराध क्रमांक 0651/2026 दर्ज किया गया है।
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्री भानु प्रकाश शर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), डबरा को शुगर मिल क्षेत्र के एक गोदाम में संदिग्ध खाद रखे होने की सूचना मिली थी। इस पर 26 अक्टूबर की शाम अनुविभागीय कृषि अधिकारी, तहसीलदार और पुलिस बल की मौजूदगी में गोदाम खुलवाकर जांच की गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान गोदाम में विभिन्न कंपनियों के खाली बैग बरामद किए गए। खाली बैग मिलने और उर्वरकों के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं होने से खाद की गुणवत्ता और उसकी पैकिंग को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ है। बरामद उर्वरकों के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।

More Stories
कैप्टन स्मित मच्छार, साहस का वह नाम, जिसने देश को गौरवान्वित किया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से फ्रांस के महावाणिज्य दूत पैट्रिक लेवेरिनो ने की शिष्टाचार भेंट
परमार्थ ही सच्ची मानव सेवा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव