August 19, 2026

करमवीर भारत

ताज़ा हिंदी ख़बरें

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर घमासान, केजरीवाल का अमित शाह पर बड़ा आरोप

 

नई दिल्ली
दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच घमासान तेज हो गया है। 'आप' के मुखिया अरविंद केजरीवाल अपने करीबी नेता सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। अब उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेकर नया दावा कर दिया है। केजरीवाल ने एक एसीबी अधिकारी से बातचीत का दावा करते हुए कहा कि अमित शाह का फोन आने के बाद जैन को गिरफ्तार किया गया, जबकि एजेंसी का ऐसा कोई प्लान नहीं था। वहीं, सत्येंद्र जैन ने गिरफ्तारी के बाद पहली प्रतिक्रिया में मुस्कुराते हुए कहा कि पंजाब चुनाव की वजह से ऐसा किया गया है।

दिल्ली जल बोर्ड के सीवरेज वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को अपग्रेड किए जाने को लेकर टेंडर में हेराफेरी और रिश्वतखोरी के आरोपों के इस मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सत्येंद्र जैन समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले को फर्जी बता चुके अरविंद कजेरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि गृहमंत्री अमित शाह के कहने पर एसीबी ने सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया है। उन्होंने एसीबी के एक अधिकारी से बातचीत का हवाला देकर यह दावा किया है।

अरविंद केजरीवाल का अमित शाह को लेकर क्या दावा
केजरीवाल ने एक पोस्ट में लिखा, 'ACB के एक अधिकारी ने बताया- सुबह तक ACB का सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने का कोई प्लान नहीं था। फिर दोपहर में अमित शाह जी का सीधे फोन आया कि गिरफ्तार कर लो। तब गिरफ्तार किया। जाहिर है कि अब गिरफ्तारी इस बात से नहीं होती कि किसी ने कोई गुनाह किया है या नहीं बल्कि इस बात से होती है कि वे दोनों किसे गिरफ्तार करना चाहते हैं।' केजरीवाल ने एक अन्य पोस्ट में सवाल किया, अमित शाह जी बताएं कि उन्होंने जांच एजेंसी पर दबाव डालकर सत्येन्द्र जैन को क्यों गिरफ्तार करवाया। 'आप' प्रमुख केजरीवाल ने दावा किया कि यह एक 'फर्जी' मामला है, ठीक वैसे ही जैसे जैन के खिलाफ पिछला मामला भी 'मनगढ़ंत' था। उन्होंने कहा कि यह मामला भी आखिर में झूठा साबित होगा।

मुस्कान के साथ क्या बोले सत्येंद्र जैन
मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में पहले ही करीब ढाई साल जेल में बिता चुके सत्येंद्र जैन को जब बुधवार को अदालत में पेश किया गया तो उन्हें चेहरे पर मुस्कुराहट थी। कोर्ट रूप के बाहर उन्होंने मुस्कान के साथ अपनी पहली प्रतिक्रिया दी। गिरफ्तारी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, 'पंजाब चुनाव की वजह से यह सब किया जा रहा है।' एसटीपी टेंडर भ्रष्टाचार मामले में एसीबी ने सत्येंद्र जैन और अन्य आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया और 14 दिन के न्यायिक हिरासत की मांग की।