नई दिल्ली
उत्तर भारत में अगले सात दिनों तक सुबह और शाम के समय बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी मध्य प्रदेश, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पू्र्वी राजस्थान में चार जनवरी को शीतलहर की चेतावनी है। इसके अलावा, पांच से आठ जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के कुछ इलाकों, पांच से नौ जनवरी के दौरान पश्चिमी राजस्थान, पांच से 10 जनवरी के दौरान पूर्वी राजस्थान में और छह व सात जनवरी के दौरान झारखंड में शीतलहर चलने की पूरी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान, उत्तर पश्चिम भारत में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद इसमें दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिलेगी। अगले तीन दिनों के दौरान, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। अगले दो दिनों में महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभवना नहीं है। इसके बाद इसमें चार दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
जम्मू कश्मीर में पारा हिमांक के नीचे लुढ़का
वहीं, उत्तर भारत शनिवार को भयंकर ठंड की चपेट में रहा तथा जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में पारा हिमांक बिंदु से नीचे चला गया। मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड का प्रकोप रहा और सुबह के शुरुआती घंटों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि चार से सात जनवरी तक राष्ट्रीय राजधानी में अलग-थलग स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है। विभाग ने रविवार को यहां घना कोहरा छाये रहने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। जब न्यूनतम तापमान मौसमी औसत से 4.5 से 6.5 डिग्री नीचे गिर जाता है, तब शीतलहर घोषित की जाती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 1.2 डिग्री अधिक था। यहां अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। यहां आयानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर सबसे अधिक अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

More Stories
8th Pay Commission: सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, जनवरी 2026 से मिलेगा एरियर!
UPI यूजर्स और दुकानदारों के लिए खुशखबरी! QR कोड और Soundbox पर मिलेंगे ₹750 तक
अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर भारत को मिली बड़ी खुशखबरी, कारोबारियों को होगा बड़ा फायदा