July 8, 2024

करमवीर भारत

ताज़ा हिंदी ख़बरें

कांग्रेस पर राजनाथ सिंह ने बोला हमला, कहा- खुलासा मैं कर दूंगा, तो चेहरा दिखाना मुश्किल हो जाएगा

 

पटना/गोपालगंज
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) ने बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2020) के लिए शनिवार को पटना और गोपालगंज में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। पटना में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आज कुछ राजनीतिक पार्टियों, कांग्रेस (Congress) के नेताओं के द्वारा हमारी सेना के जवानों के पराक्रम पर सवालिया निशान लगाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि चीन ने 12 सौ वर्ग किमी जमीन कब्जा कर ली। खुलासा मैं कर दूंगा, तो चेहरा दिखाना मुश्किल हो जाएगा मेरे भाइयो। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बिहटा के विष्णुपुरा मनेर विधानसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी डॉ निखिल आनंद के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। राजनाथ सिंह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, "आप लोग पढ़े लिखे लोग हो। 1962 से 2013 तक का इतिहास उठाकर देख लीजिए। मैं रक्षामंत्री होने के नाते आपसे कहना चाहता हूं कि हमारी सेना के जवानों ने जो पराक्रम दिखाया है देश का मस्तक उससे गर्व से ऊंचा हो गया है।"

कोई नहीं कह सकता है कि नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हो: राजनाथ सिंह
वहीं गोपालगंज के बैकुंठपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। वही उन्होंने डंके की चोट पर कहा कि बिहार ही नहीं हिंदुस्तान का कोई भी व्यक्ति अंगुली उठाकर नहीं कह सकता है कि नीतीश कुमार के दामन पर कोई भ्रष्टाचार के आरोप लगे हो। एनडीए के भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश कुमार तिवारी के लिए एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि यह बहस का मुद्दा हो सकता है कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने ये काम नहीं किया, ये काम क्यों किया। लेकिन यह कोई नहीं कह सकता है कि उनके ऊपर किसी तरह के भ्रष्टाचार के आरोप लगे हो। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे बिहार रेजिमेंट के 20 जवानों ने अपनी सहादत देकर भारत माता के स्वाभिमान को बचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जिन माताओं ने ऐसे वीर जवान को अपनी कोख से पैदा किया है, उन माताओं के चरणों में शीश झुकाकर नमन करते हैं। जिन्होंने अपने बलिदान देकर भारत के स्वाभिमान की रक्षा की है। आज उनकी बदौलत दुनिया के किसी देश में यह हिम्मत नहीं है कि वे भारत की एक इंच की जमीन पर कब्ज़ा कर सके। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे , जदयू संसदीय दल के नेता आरसीपी सिंह , स्थानीय सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन सहित कई एनडीए नेता मंच पर मौजूद थे।