February 15, 2026

करमवीर भारत

ताज़ा हिंदी ख़बरें

दवा से शुरू हुआ प्यार, शराब ने छीनी जिंदगी: वेलेंटाइन वीक में शुभम-लक्ष्मी की दर्दनाक कहानी

 

हल्द्वानी
उत्तराखंड के हल्द्वानी में वेलेंटाइन वीक के दौरान एक प्रेमी जोड़े की हत्या ने पूरे शहर को दहला दिया है। अल्मोड़ा के शुभम और नैनीताल की रहने वाली लक्ष्मी की प्रेम कहानी एक मेडिकल स्टोर से शुरू हुई, लेकिन खत्म हुई गल्ला मंडी में शराब पार्टी और विवाद में हुई नृशंस हत्या के साथ। दोनों की पत्थरों से कूचकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस के मुताबिक, शवों की शिनाख्त के बाद इलाके के सीसीटीवी फुटेज, मौके से मिले सबूतों व अन्य माध्यमों के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान हल्द्वानी के रहने वाले गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25), सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20), दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20) और दीपेश लटवाल (25) के रूप में हुई है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे शुभम व लक्ष्मी के साथ बैठकर शराब पी रहे थे और इसी दौरान उन्होंने युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी, जिसका शुभम ने विरोध किया। अधिकारी ने बताया कि आपसी झगड़े में उन्होंने शुभम की हत्या कर दी और बाद मे सबूत मिटाने के लिए उन्होंने लक्ष्मी को भी मार दिया।

मेडिकल स्टोर पर पहली मुलाकात
दोनों की मुलाकात किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नहीं, बल्कि उस मेडिकल स्टोर पर हुई थी, जहां लक्ष्मी काम करती थी। मुलाकात के बाद दोनों एक-दूसरे के करीब आए और सालभर के प्रेम को शादी में बदलने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि नियति ने कुछ और ही लिखा था।

शुभम और अक्कू का पुराना संबंध
पुलिस ने बताया कि शुभम कुछ साल पहले नशे की गिरफ्त में था। जब वह अल्मोड़ा से हल्द्वानी आया, तब उसकी मुलाकात अक्कू से हुई। अक्कू के माध्यम से ही शुभम का संपर्क दीपू शर्मा, दीपेश लटवाल और सौरभ भट्ट से हुआ। पिछले कुछ समय से ये लोग लगातार गल्ला मंडी में मिलकर पार्टियां कर रहे थे और अन्य प्रकार के नशे भी करते थे। बुधवार रात भी यही कारण था कि वे वहां एकत्र हुए।

शुभम और लक्ष्मी का साथ
शुभम और लक्ष्मी पिछले डेढ़ महीने से एक साथ रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी पहले मुखानी स्थित एक मकान में अपनी दोस्त के साथ रहती थी। इसके बाद उसने शुभम के डहरिया स्थित घर में रहना शुरू किया। हालांकि पुलिस अब भी यह जांच कर रही है कि लक्ष्मी कब-कब कहां रही और किसके साथ थी।

जांच में पता चला कि हत्या शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के चलते हुई। यह मामला दर्शाता है कि छोटी सी अनबन और नशे की स्थिति में कितनी तेजी से स्थिति हिंसक रूप ले सकती है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर दिए हैं।