भोपाल
मध्यप्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं में पीड़ितों को शासकीय योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस परिवहन शोध संस्थान (पीटीआरआई), भोपाल में 20 एवं 21 अगस्त 2026 को “सुरक्षित वाहन चालन कोर्स” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मोहम्मद शाहिद अबसार के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में निरीक्षक से आरक्षक चालक स्तर के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित वाहन चालन, दुर्घटना रोकथाम तथा सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं तथा दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु की संख्या में कमी लाना, सुरक्षित वाहन चालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा दुर्घटना पीड़ितों को समय पर शासकीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से पुलिस कर्मियों को परिचित कराना रहा।
प्रशिक्षण सत्र के शुभारंभ अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक पीटीआरआई टी.के. विद्यार्थी ने सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण, दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान तथा उनकी रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में प्रशिक्षणार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने हिट एंड रन, पी.एम. राहत योजना, राहवीर योजना सहित दुर्घटना पीड़ितों के लिए उपलब्ध विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पुलिस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सड़क दुर्घटना के बाद पीड़ितों को समय पर आवश्यक सहायता मिले तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में पुलिस प्रभावी भूमिका निभाए।
सुरक्षित वाहन चालन और वाहन रखरखाव की दी गई जानकारी
दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा वाहनों के कूलिंग सिस्टम एवं सुरक्षित वाहन चालन, वाहन चलाते समय रखी जाने वाली सावधानियों, संकेत सूचक, कारकेड एवं सुरक्षित वाहन संचालन, वाहनों के दैनिक रखरखाव के संबंध में प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी दी गई।
“सुरक्षित वाहन चालन कोर्स” का उद्देश्य पुलिस वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक एवं दक्ष बनाना है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित वाहन संचालन के साथ–साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा में भी प्रभावी भूमिका निभा सकें।
प्रशिक्षण में ऐसे सुरक्षित सड़क नेटवर्क की अवधारणा पर बल दिया गया, जिसमें पदयात्रियों, साइकिल चालकों एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और प्राथमिकता सुनिश्चित हो। सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली मृत्यु की संख्या में कमी लाने के लिए सुरक्षित वाहन चालन, यातायात नियमों के पालन और जागरूकता को महत्वपूर्ण साधन बताया गया।
इस अवसर पर पीटीआरआई के समनि मनोज शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक हिमांशु कार्तिकेय सहित प्रशिक्षण टीम के अधिकारी उपस्थित रहे।
दो दिवसीय प्रशिक्षण के सफल समापन पर पीटीआरआई द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने के प्रमाण–पत्र प्रदान किए गए।

More Stories
नवाचार, जनभागीदारी और विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा बनी पहचान
बैगा जनजाति के संरक्षण के लिये करेंग हरसंभव प्रयास : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय मंत्री नड्डा से भेंट की