देहरादून
उत्तराखंड में मॉनसून का कहर जारी है। भारी बारिश और भूस्खलन लगातार लोगों की जान जोखिम में डाल रही है। मौसम विभाग ने आज के लिए देहरादून समेत पांच जिलों में भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बदरीनाथ हाईवे के पास पहाड़ी पर भूस्खलन हुआ है। वहीं, मंगलवार से भूस्खलन के कारण बंद पड़ा यमुनोत्री हाईवे अब खुल गया है। पहाड़ी इलाकों में बारिश की वजह से ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इससे लोगों में दहशत बनी हुई है।
आज कहां-कहां अलर्ट
उत्तराखंड के दस जिलों में गुरुवार को भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, देहरादून, चमोली, पौड़ी, टिहरी और ऊधमसिंह नगर के लिए येलो अलर्ट है।
इससे पहले बुधवार को सुबह तेज धूप निकलने से उमस और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया, लेकिन दोपहर बाद मूसलाधार बारिश शुरू होने से मौसम सुहावना हो गया। 24 घंटे के दौरान दून का अधिकतम तापमान करीब तीन डिग्री बढ़कर 32.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। दून जिले में सबसे अधिक 39.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
देहरादून में जगह-जगह जलभराव
वहीं, दूसरी और बारिश से वाहन चालकों, राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दून अस्पताल के बाहर, तहसील चौक, हरिद्वार रोड, सहस्रधारा रोड, डीएल रोड और राजपुर रोड सहित कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर निगम के कंट्रोल रूम में सुंदरवाला, डालनवाला, नेहरू कॉलोनी, नवादा समेत छह क्षेत्रों से जलभराव की शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर आयुक्त ने सभी को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
गंगा और गौना के उफान से सहमी तटीय आबादी
ऋषिकेश। पहाड़ी इलाकों में बारिश की वजह से ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को गंगा चेतावनी निशान को छूकर बही, जिससे तटीय इलाकों पर बसे लोग सहमे हुए हैं। वहीं, विकासनगर के रुद्रपुर क्षेत्र से होकर बहने वाली बरसाती गौना नदी भी बुधवार को उफान पर आ गई, जिससे एक बस समेत कई दुपहिया वाहन तेज बहाव में फंस गए।
पेट्रोल पंप के पास कार पर गिरा बोल्डर
अगस्त्यमुनि। अगस्त्यमुनि कस्बे में पेट्रोल पंप के पास दोपहर में पहाड़ी से एक बोल्डर गिरने से नीचे खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई। शुक्र रहा कि कार में कोई नहीं था और जनहानि नहीं हुई। लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के चलते बुधवार दोपहर में अचानक पहाड़ी से बड़ा बोल्डर हाईवे पर गिर गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं हुआ।
बदरीनाथ हाईवे जोड़ने वाली सुरंग के बाहर पहाड़ी पर भूस्खलन
रुद्रप्रयाग जनपद में हो रही लगातार बारिश के चलते बदरीनाथ हाईवे को केदारनाथ हाईवे से जोड़ने वाली सुरंग के बाहरी पहाड़ी पर भूस्खलन से एनएच के प्रशासनिक भवन के एक कक्ष को क्षति पहुंची है। हालांकि सुरंग पूरी तरह सुरक्षित है, अंदर किसी तरह की दिक्कत नहीं है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को सुरंग के बाहर क्षतिग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तकनीकी टीम के साथ ही भूगर्भीय टीम ने इसका निरीक्षण कराने के निर्देश दिए।
पाली गाड़ के पास खुला यमुनोत्री हाईवे
बड़कोट: पाली गाड़ के निकट मंगलवार सुबह से बंद पड़ा यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार दोपहर करीब दो बजे यातायात के लिए खोल दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम ने लगातार राहत एवं मलबा हटाने का कार्य कर मार्ग को सुचारु किया, जिसके बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई।

More Stories
आज राज्यसभा में पेश होगा एंटी-पेपर लीक बिल, NDA के पास बहुमत या चुनौती? जानिए पूरा नंबर गेम
Raksha Bandhan 2026: राखी भेजने से पहले जान लें नए स्पीड पोस्ट नियम, 1 अगस्त से बदलेगी India Post की रेट लिस्ट
Rule Change From 1 August: 1 अगस्त से लागू होंगे 5 बड़े बदलाव, LPG, रेलवे टिकट समेत आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर