May 23, 2026

करमवीर भारत

ताज़ा हिंदी ख़बरें

हार के बाद भी नंबर-1 पर RCB! हैदराबाद से मिली शिकस्‍त के बावजूद टेबल टॉपर रही बेंगलुरु, अब गुजरात से महामुकाबला

 

 हैदराबाद

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच नंबर-67 में शुक्रवार (22 मई) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हुआ. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए इस मैच में एसआरएच ने 55 रनों से जीत हासिल की. एसआरएच ने आरसीबी को जीत के लिए 256 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन वो चार विकेट पर 200 रन ही बना सकी। 

इस जीत के बाद भी एसआरएच को एलिमिनेटर मुकाबला खेलना होगा. वहीं हार के बावजूद आरसीबी पहला क्वालिफायर 26 मई को गुजरात टाइटन्स (GT) से खेलेगी. आरसीबी अंकतालिका में पहले नंबर पर रही. आरसीबी को अंकतालिका में टॉप-2 पर बने रहने के लिए 166 रन बनाने थे, जो उसने आसानी से बनाए। 

सनराइजर्स हैदाराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी थी. सनराइजर्स हैदाराबाद ने 14 मुकाबले खेलकर नौ में जीत हासिल की और उसके 18 अंक रहे. दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी 14 मुकाबलों में से 9 में जीत दर्ज की. आरसीबी के भी 18 पॉइंट्स रहे। 

रनचेज में वेंकटेश अय्यर ने विराट कोहली के साथ मिलकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई. वेंकटेश ने 4 छ्क्के और 4 चौके की मदद से 19 गेंदों पर 44 रन बनाए. ईशान मलिंगा ने वेंकटेश अय्यर कोआउट कर 62 रनों की ओपनिंग साझेदारी को ब्रेक किया. फिर साकिब हुसैन ने विराट कोहली का विकेट लिया, जिन्होंने दो चौके की मदद से 11 गेंदों पर 15 रनों का योगदान दिया। 

देवदत्त पडिक्कल (21 रन) भी ज्याादा बड़ी इनिंग्स नहीं खेल पाए और ईशान मलिंगा का शिकार बने. यहां से रजत पाटीदार (56 रन) और क्रुणाल पंड्या (नाबाद 41 रन) ने चौथे विकेट के लिए 84 रन जोड़कर ये सुनिश्चित किया कि टीम क्वालिफायर-1 में भाग ले. टिम डेविड ने नाबाद 15 रन बनाए। 

SRH के बैटर ने IPL में रच दिया नया इतिहास

विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में इतिहास रच दिया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए हाईस्कोरिंग मुकाबले में क्लासेन ने ऐसी उपलब्धि हासिल की, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में आज तक कोई बल्लेबाज नहीं कर पाया था। 

हेनरिक क्लासेन अब दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने किसी टी20 सीरीज या टूर्नामेंट में नंबर-4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए 600 से ज्यादा रन बनाए हैं. इसी के साथ उन्होंने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। 

आरसीबी के खिलाफ मुकाबले से पहले हेनरिक क्लासेन को इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ 45 रनों की जरूरत थी. उन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 24 गेंदों में 51 रनों ठोक दिए और मौजूद आईपीएल सीजन में 600 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। 

इससे पहले नंबर-4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए किसी टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम था. पंत ने आईपीएल 2018 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए 579 रन बनाए थे. अब क्लासेन ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास लिख दिया है। 

क्लासेन ने ये रिकॉर्ड भी बनाया
इतना ही नहीं, हेनरिक क्लासेन आईपीएल इतिहास के पहले विदेशी बल्लेबाज भी बन गए हैं जिन्होंने किसी एक सीजन के लीग स्टेज के सभी 14 मैचों में दहाई का आंकड़ा पार किया हो. उनकी यह लगातार शानदार बल्लेबाजी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है। 

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले हेनरिक क्लासेन को 23 करोड़ रुपये में रिटेन किया था और उन्होंने अपने प्रदर्शन से टीम के फैसले को पूरी तरह सही साबित किया है. आईपीएल 2026 में वह एसआरएच के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और अब तक 6 अर्धशतक जड़ चुके हैं। 

आरसीबी के खिलाफ क्लासेन ने अपनी पारी में 2 चौके और 5 लंबे छक्के लगाए. उन्होंने ईशान किशन के साथ तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों में 113 रनों की विस्फोटक साझेदारी भी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. हालांकि पारी के 17वें ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह क्रुणाल पंड्या की गेंद पर वेंकटेश अय्यर को कैच दे बैठे. लेकिन तब तक क्लासेन अपना काम कर चुके थे और एसआरएच को विशाल स्कोर की ओर पहुंचा दिया था। 

हैदराबाद की पारी की हाइलाइट्स
सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए चार विकेट पर 255 रन बनाए. सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत तूफानी रही. ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने मिलकर पहले विकेट के लिए 45 रनों की पार्टनरशिप की. रसिक सलाम डार ने ट्रेविस हेड (26 रन) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया. हेड के आउट होने के बाद भी अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बैटिंग जारी रखते हुए सिर्फ 20 गेंदों पर फिफ्टी जमा दी. इस दौरान अभिषेक ने ईशान किशन ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े. स्पिनर सुयश शर्मा ने अभिषेक को पवेलियन भेजा. अभिषेक ने 22 गेंदों का सामना करते हुए 56 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और चार चौके शामिल रहे। 

यहां से हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए 113 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने सनराइजर्स हैदराबाद को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. ईशान ने आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 46 बॉल पर 79 रनों का योगदान दिया. वहीं क्लासेन ने 24 बॉल पर 51 रनों की पारी खेली, जिसमें पांच छक्के और दो चौके शामिल रहे. नीतीश कुमार रेड्डी ने तीन छक्के और एक चौके की मदद से सिर्फ 12 गेंदों पर तूफानी 29* रन बनाए। 

इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अब तक 28 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान सनराइजर्स हैदराबाद ने 15 मैचों में जीत हासिल की. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 12 मैचों में सफलता मिली. जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा. मौजूदा सीजन में दोनों टीमों दूसरी बार आमने-सामने हुई हैं. 28 मार्च 2026 को सीजन के ओपनिंग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से परास्त किया था। 

हैदराबाद vs बेंगलुरु h2h
कुल आईपीएल मुकाबले: 28
हैदराबाद ने जीते: 16
बेंगलुरु ने जीते: 12
बेनतीजा: 1