May 16, 2026

करमवीर भारत

ताज़ा हिंदी ख़बरें

2027 वर्ल्ड कप पर विराट कोहली का बड़ा बयान, बोले- ‘अगर काबिलियत साबित करनी पड़े तो मैं नहीं…’

 

मुंबई 

विराट कोहली अब इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ वनडे खेलते हैं, वह टी20 और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं. उनको लेकर अक्सर चर्चा होती है कि क्या वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलेंगे? इस पर खुद कोहली की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने बिना किसी के नाम लिए कहा कि अगर उन्हें काबिलियत साबित करनी होगी, ऐसा एहसास दिलाया जाए तो मैं उस जगह पर नहीं रहूंगा. बता दें कि कुछ समय पहले खबर आई थी कि BCCI ने सीनियर खिलाड़ियों से कहा है कि अगर नेशनल टीम में खेलना है तो डोमेस्टिक भी खेलना होगा. कोहली ने इस इंटरव्यू में ये भी बताया कि वह विजय हजारे ट्रॉफी में क्यों खेले थे। 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के यूट्यूब चैनल पर मयंती लैंगर के साथ इंटरव्यू में विराट कोहली ने ये बाते कहीं. उनसे जब पूछा गया कि अभी वह अपने करियर के किस दौर से गुजर रहे हैं? तो उन्होंने कहा, "मैं ऐसे मुकाम पर पहुंच गया जहां मैं जान चुका हूं कि आप रिकॉर्ड बनाते हो, अच्छी पारी खेलते हो लेकिन कल आपको फिर से शुरू करना होगा. आप लक्ष्य बनाते हो और लगता है कि वहां तक पहुंच जाओ तो सब ठीक हो जाएगा, लेकिन फिर हासिल हो जाए तो पता चलता है कि ये खत्म नहीं हुआ है। 

मयंती ने उनसे 2027 वर्ल्ड कप में खेलने या नहीं खेलने को लेकर हो रही बहस के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, "मेरा नजरिया साफ है. मैं जिस माहौल का हिस्सा हूं, उसमे योगदान दे सकता हूं तो मुझे जरूर पहचाना जाएगा. लेकिन अगर मुझे ऐसा महसूस करवाया जाए कि मुझे अपनी काबिलियत और अहमियत साबित करनी होगी, तो मैं उस जगह पर नहीं रहूंगा क्योंकि मैं तो अपनी तैयारी के प्रति पूरा ईमानदार हूं. मैं कड़ी मेहनत करता हूं और भगवान का शुक्रगुजार हूं जो क्रिकेट से मुझे इतना कुछ मिला है. और जब मैं मैदान पर खेलने उतरता हूं तो अपना 100 प्रतिशत देता हूं।